रजनीश कुमार, गढ़वा
श्री महावीर मंडल गढ़वा की ओर से रामनवमी के पावन अवसर पर मंगलवार को भव्य मंगला जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस काली मंदिर से प्रारंभ होकर रंका मोड़, गढ़देवी मोड़, मझिआंव मोड़ होते हुए रामलला मंदिर परिसर तक पहुंचेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री महावीर मंडल के संस्थापक अध्यक्ष कंचन साहू ने बताया कि मंडल की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी और तभी से हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर भव्य मंगला जुलूस निकाला जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से मंडल द्वारा पारिवारिक रूप में रामनवमी मनाने की परंपरा शुरू की गई है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। इस वर्ष के आयोजन की खास बात महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है। कंचन साहू ने बताया कि मंडल द्वारा महिला मोर्चा का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्ष विनीता आनंद को बनाया गया है। जुलूस में महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगी और सभी महिलाएं लाल साड़ी पहनकर एक समान वेशभूषा में नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि इस बार शोभा यात्रा में पुरुषों से अधिक महिलाओं की भीड़ होने की संभावना है। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए जुलूस में पांच घोड़ों वाला भव्य रथ भी शामिल किया जाएगा। साथ ही साउथ के कई कलाकारों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। श्री महावीर मंडल के इस आयोजन को लेकर पूरे गढ़वा में उत्साह का माहौल है और इस वर्ष रामनवमी को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। इस मौके पर मंडल के दीपक तिवारी, नंद कुमार गुप्ता, अशोक पटवा, विजय केशरी, ज्योति प्रकाश केशरी, सुनील केशरी, वार्ड पार्षद हिरालाल गोड़, पिंटू ठाकुर, देवेंद्र गुप्ता, राहुल साहू, दीपिका केशरी, सोनाली साहू, सुनीता पटवा, ट्रिंकल कश्यप, रिंकू लहरी, वीणा केशरी, काजल सोनी, ममता कश्यप सहित कई सदस्य उपस्थित थे।












Leave a Reply