रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा थाना क्षेत्र के महूलिया गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र प्रदर्शन में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर स्थिति हिंसक हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन हालात काबू में नहीं आने पर लाठीचार्ज करना पड़ा। स्थिति और बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान कुछ उग्र लोगों ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पत्थरबाजी में गढ़वा थाना प्रभारी के अलावे कई पदाधिकारी घायल हो गए हैं। घटना के बाद महूलिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग कर रहे थे। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन प्रशासन के अनुसार हालात नियंत्रण में हैं।












Leave a Reply