रजनीश कुमार, गढ़वा
“सुरक्षा और सेवा के प्रति हम सदैव तत्पर” के मूल मंत्र के साथ गढ़वा स्थित सीआरपीएफ की 172वीं बटालियन ने सोमवार को अपना 23वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए जवानों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया।
स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत बटालियन मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण से हुई। बटालियन के कमाण्डेंट श्री अजय कुमार वर्मा सहित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। इस दौरान कमाण्डेंट ने कहा कि शहीदों का त्याग प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों पर चलकर ही देश की सुरक्षा एवं सेवा का दायित्व सफलतापूर्वक निभाया जा सकता है।
इसके बाद क्वार्टर गार्ड में सलामी दी गई तथा सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमाण्डेंट श्री अजय कुमार वर्मा ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बटालियन के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भावना ही सीआरपीएफ की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी कार्मिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए हर परिस्थिति में सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
सायंकाल आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने स्थापना दिवस समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। बटालियन के जवानों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति का जोश और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री अजय कुमार वर्मा, कमाण्डेंट, श्री अरेन्द्र कुमार सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी, श्री कुलदीप कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी, श्री अमित किशोर, सहायक कमांडेंट एवं श्री मुम्बईकर अक्षय पाण्डुरंग, सहायक कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी एवं आमंत्रित अतिथिगण उपस्थित रहे।












Leave a Reply