रजनीश कुमार,गढ़वा
तेली साहू समाज के जिला अध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कहा कि उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब उन्हें दोबारा जिला अध्यक्ष बनने की कोई इच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिले के सभी 20 प्रखंडों के प्रतिनिधियों एवं कोर कमेटी के सदस्यों की राय और सलाह से जिस व्यक्ति का चयन होगा, वही समाज का नया जिला अध्यक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस प्रक्रिया पर आपत्ति है तो समाज के चारों अध्यक्ष एक मंच पर आकर गढ़वा में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराएं। चुनाव के माध्यम से यह स्पष्ट हो जाएगा कि समाज किसे अपना वास्तविक अध्यक्ष बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि चुनाव से ही असली और नकली नेतृत्व की पहचान हो जाएगी तथा इससे समाज की एकता और मजबूती भी बढ़ेगी।
तीन वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं
मनीष कुमार गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि समाज की ओर से लगातार जनसेवा के कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फ्री मेडिकल कैंप आयोजित किए गए, 200 जरूरतमंद लोगों के बीच पैकेट बंद अनाज का वितरण किया गया तथा केतार प्रखंड में आग से प्रभावित दो परिवारों को सहयोग प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि समाज के लोगों के लिए निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था कराई जाती है और जरूरत पड़ने पर अन्य समाज के लोगों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। छठ पूजा के दौरान नदी में डूबकर जान गंवाने वाले समाज के सदस्य के परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी गई।
समाज को संगठित करने में 40 सदस्यीय कोर कमेटी की भूमिका
उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में समाज के 25 घरों पर बैठकें आयोजित की गईं, लेकिन लोगों को जोड़ना आसान नहीं था। लगभग 25 सप्ताह तक लगातार अलग-अलग स्थानों पर बैठकें कर समाज को जागरूक किया गया। इस अभियान में 40 सदस्यीय कोर कमेटी ने दिन-रात मेहनत कर समाज को संगठित करने का काम किया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में करीब 50 सामाजिक विवादों का पंचायती स्तर पर समाधान किया गया तथा प्रत्येक वर्ष महान दानवीर भामाशाह जयंती और भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ गरीब परिवारों को सहायता भी दी जाती रही है।
स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा को दी प्राथमिकता
मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वास्तिक चिकित्सालय, चिरौंजिया मोड़ में समाज के लोगों को लगातार निशुल्क परामर्श की सुविधा दी जा रही है, जबकि अन्य समाज के लोगों से 300 रुपये परामर्श शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा गढ़वा सदर अस्पताल में समाज के मरीजों के ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों से अनुरोध कर 2,000 से 4,000 रुपये तक की आर्थिक राहत दिलाने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष छठ पूजा में बड़े स्तर पर फल वितरण, 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को ध्वजारोहण तथा रामनवमी के अवसर पर जलपान की व्यवस्था भी समाज द्वारा की जाती रही है। लगभग 10 असहाय परिवारों को 15 हजार रुपये मूल्य तक की सामग्री अथवा नगद सहायता उपलब्ध कराई गई।
500 से अधिक सामाजिक कार्यक्रमों में निभाई भागीदारी
उन्होंने कहा कि जब उन्हें जिला अध्यक्ष बनाया गया था तब बहुत कम लोग यह जिम्मेदारी लेने को तैयार थे। लगभग 30 क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की सहमति से उन्हें अध्यक्ष चुना गया और उसके बाद उन्होंने करीब 500 शादी-विवाह, जन्मदिन, शोकसभा एवं पंचायती कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज के लोगों के बीच सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तरीय बैठक में जहां 24 जिलों से केवल 50 लोग शामिल हुए थे, वहीं गढ़वा जिला तेली साहू समाज की युवा एवं महिला जिला अध्यक्ष के चयन कार्यक्रम में लगभग 300 लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे तथा सुबह से शाम तक लोगों के आने-जाने को मिलाकर हजारों लोगों की भागीदारी रही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता, वरिष्ठ सहयोगी डॉ. राकेश रंजन गुप्ता, संरक्षक सुनील कुमार गुप्ता, मानिकचंद प्रसाद गुप्ता, प्रवक्ता अरविंद प्रसाद गुप्ता तथा युवा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply