मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की प्रेसवार्ता, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

रजनीश कुमार, गढ़वा

केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को विस्तार से रखा गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा और विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के समग्र विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम” है। इसी सोच के साथ सरकार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के तहत नई अर्थव्यवस्था, नया भारत और नए विश्वास की अवधारणा को साकार किया गया है। विशेष रूप से आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिससे देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति मिली है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे करोड़ों लोगों को अपने सिर पर स्थायी छत की सुरक्षा मिली है। स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नेताओं ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में से एक है, जिसने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई है।
महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए कहा गया कि स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। इसके अलावा, 12 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सम्मान को नई मजबूती मिली है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा भी पहले की तुलना में तीन गुना से अधिक बढ़ा है। वहीं, रक्षा क्षेत्र में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। देश का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंचा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रेल और परिवहन क्षेत्र में हुए विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी विश्वस्तरीय ट्रेनों के संचालन से देश में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही, देश नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे आंतरिक सुरक्षा और विकास को बल मिला है। भाजपा नेताओं ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ केंद्र सरकार आगे भी जनहित और राष्ट्रहित में कार्य करती रहेगी। प्रेसवार्ता में भाजपा नेता सह विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, मेराल उत्तरी मंडल अध्यक्ष अशोक केशरी, इंदेश पांडेय, अंकित तिवारी, पियूष चौबे सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!