प्रयास कार्यक्रम के तहत बच्चों को शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक, विद्यालय लाकर बढ़ाया नामांकन पर जोर

रजनीश कुमार, गढ़वा

बुधवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय ओबरा, गढ़वा के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम श्री कृष्णम के निर्देश पर विद्यालय में नामांकन एवं नियमित उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत वर्ग 5 के वर्ग शिक्षक अमित रंजन ने “प्रयास कार्यक्रम” के अंतर्गत गांव में घर-घर जाकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। अभियान के दौरान शिक्षक ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की तथा बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं, मध्याह्न भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी। जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला और कई बच्चों को विद्यालय लाकर उनकी पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम श्री कृष्णम ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए शिक्षक लगातार समुदाय के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में सफलता हासिल कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!