मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सांसद विष्णु दयाल राम का जनसंपर्क अभियान

रजनीश कुमार, गढ़वा

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के तहत गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों का दौरा कर आमजन एवं प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। अभियान के क्रम में सांसद ने लोगों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया और “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने गढ़वा के राजमणि प्रसाद कमला पूरी, नंदू जायसवाल, टंडवा के कृष्णा केशरी, कमलेश गुप्ता, गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी तथा करुआ कला के सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र नाथ तिवारी सहित कई प्रमुख लोगों से मुलाकात की।
सांसद ने खोनहर मंदिर एवं अन्नराज घाटी में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद “स्वच्छता अभियान” के तहत अन्नराज घाटी में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। “प्रगति पथ यात्रा” कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने पीएम श्री नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, गढ़वा बाईपास फोरलेन परियोजना एवं अन्नराज घाटी सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ निरंतर देश की सेवा कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार ने विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के उत्थान, किसानों के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है तथा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। सांसद ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की नीतियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया है तथा उच्च शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय चौबे, मुकेश निरंजन सिन्हा, सूरज गुप्ता, भोला चंद्रवंशी, अरविन्द पाण्डेय, जिला सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, संजय कुमार ठाकुर,निजी सचिव अलख दूबे, ओंकार नाथ तिवारी, हरेन्द्र द्विवेदी, राम सरिख चंद्रा, शिवनारायण चंद्रा, विजय गुप्ता, मिथलेश तिवारी, मुकेश चौबे, भगवान दत्त तिवारी, गौरीशंकर बिन्द, सुरेन्द्र राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!