साली से प्रेम प्रसंग बना जानलेवा: युवक ने खाया कीटनाशक, हालत स्थिर

रजनीश कुमार, गढ़वा

झारखंड के गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगतिरिया गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद और सामाजिक विरोध के बीच एक युवक ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अशोक राम का अपनी साली के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने का मन बना चुके थे। इसी उद्देश्य से अशोक अपनी साली को अपने घर ले आया और पत्नी के साथ ही उसे रखने की जिद करने लगा। हालांकि, शादीशुदा अशोक का यह कदम परिवार को स्वीकार नहीं हुआ। इसे लेकर घर में जमकर विवाद हुआ। अशोक का आरोप है कि इस दौरान परिवार के लोगों ने उसके और उसकी साली के साथ मारपीट भी की। विवाद बढ़ने के बाद युवती को उसके पिता के साथ वापस भेज दिया गया। साली के अलग हो जाने और परिवार के विरोध से आहत अशोक ने आवेश में आकर घर में रखा कीटनाशक खा लिया। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल अशोक की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!