रजनीश कुमार, गढ़वा
झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट टीम के गठन को लेकर अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दो दिवसीय खुला चयन शिविर आयोजित किया जाएगा। यह चयन शिविर 3 और 4 मई 2026 को रांची के धुर्वा स्थित जस्टिस क्रिकेट एकेडमी खेल मैदान में आयोजित होगा। झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन शिविर में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को सुबह 9 बजे तक खेल मैदान में पहुंचकर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद ही उन्हें ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की उम्र की गणना 15 जून 2026 तक निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी। चयन शिविर में भाग लेने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए वरुण कुमार सिंह, शाकिब आलम और पंकज ठाकुर से संपर्क करने की सुविधा दी गई है। एसोसिएशन ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इस चयन शिविर में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाने की अपील की है।












Leave a Reply