धीरज दुबे ने की शादी की घोषणा, बोले – “प्यार, परिवार और राजनीति सब निभाऊंगा”

रजनीश कुमार, गढ़वा


गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के रहने वाले युवा समाजसेवी और छात्र हित की राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले धीरज दुबे आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। झारखंड के साथ-साथ बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न चैनलों पर अपने बेबाक और प्रभावशाली वक्तव्य के कारण वे लगातार चर्चा में बने रहते हैं।
वर्तमान समय में झारखंड की हेमंत सरकार के दौर में वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रमुख प्रवक्ताओं में गिने जाते हैं। धीरज दुबे की खासियत यह है कि वे हर मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखते हैं और पत्रकारों के सामने बिना झिझक अपने विचार प्रस्तुत करते हैं। इसी बीच आज उन्होंने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने जीवन से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी साझा की। धीरज दुबे ने सार्वजनिक रूप से शादी करने की इच्छा जाहिर करते हुए बताया कि वे जल्द ही अपने प्यार के साथ वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पेशे से अधिवक्ता धीरज दुबे ने कम उम्र में ही सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बनाई है। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अब वे अपने पारिवारिक जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं और यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन हर व्यक्ति का एक निजी जीवन भी होता है, जिसे जीना जरूरी है। धीरज दुबे ने कहा, “मैं जहां तक पहुंचा हूं, उसमें माननीय बड़े भैया मिथलेश कुमार ठाकुर का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने हमेशा मुझे सही रास्ता और सकारात्मक सोच दी है।” अपने निजी संबंध को लेकर उन्होंने साफ कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और इसमें किसी को अनावश्यक टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने अपने स्वभाव पर जोर देते हुए कहा, “मैं जिसके साथ रहता हूं, उसके साथ कभी गद्दारी नहीं करता – चाहे वह मेरा प्यार हो, परिवार हो या मेरी पार्टी।”
अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि वे अपने जीवनसाथी के साथ खुशहाल जीवन बिताएंगे और आगे भी सामाजिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारियों को उसी निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!