रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा सर्किट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में रविवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर, भाजपा नेत्री मधु लता और कंचन जायसवाल ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अरुणा शंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण का जो संकल्प लिया था, उसे इस अधिनियम के माध्यम से जमीन पर उतार दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का महिलाओं के प्रति सम्मान और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का प्रयास शुरू से ही स्पष्ट रहा है। उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ न केवल सामान्य वर्ग बल्कि आदिवासी समाज की महिलाओं को भी मिल रहा है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित कर देश की राजनीति में उनकी भागीदारी को नई दिशा दी गई है। भाजपा नेत्री कंचन जायसवाल ने कहा कि यह कानून “नए भारत की नारी” के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता अब और अधिक प्रभावशाली होगी। प्रेस वार्ता में उपस्थित नेताओं ने सर्वसम्मति से इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस कानून के लागू होने से आने वाले समय में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं का नेतृत्व और अधिक सशक्त होकर उभरेगा। इस अवसर पर कई भाजपा महिला नेत्रियां भी मौजूद रहीं, जिन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया।












Leave a Reply