पुलिस ने 14 लोगों को भेजा जेल
रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव में गुरुवार को ट्रैक्टर दुर्घटना में दो युवकों की मौत के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और ग्रामीणों व पुलिस के बीच भीषण झड़प शुरू हो गई। सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर सैकड़ों ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन हालात बिगड़ते देख लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की।
इस संबंध में एसपी अमन कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था। जाम के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस को लाठीचार्ज और बाद में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। एसपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 86 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि 400 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है। वहीं, कार्रवाई के दौरान 14 लोगों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जिन्हें शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने 24 मोटरसाइकिल भी जब्त कर थाने में लाकर रखा है। एसपी ने कहा कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












Leave a Reply