विधायक के पैतृक घर में बड़ी चोरी, बेलहारा गांव में सनसनी

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा जिले से चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलहारा गांव स्थित स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक आवास में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान घर के सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया है, जो घर के अंदर और आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस साक्ष्य एकत्र कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना की पुष्टि स्वयं विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने भी की है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी में कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!