सड़क निर्माण में अनियमितता पर भड़के विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी, गुणवत्ता सुधार की मांग

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़का-रंका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी ने क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में अनियमितता को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि 22 तारीख को अस्पताल के सामने खजुरी से शंखा तक बनने वाली सड़क में भारी गड़बड़ी सामने आई है, जिसमें कई प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता भी बताई जा रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि इस सड़क निर्माण कार्य के कारण स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में सड़क और नाली का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे समस्याएं और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली का स्तर दुकानों से ऊंचा बना दिया गया है, जिससे बरसात के दिनों में पानी दुकानों और घरों में घुसने की आशंका है। यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है। विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी ने राजनीतिक बयानबाजी करते हुए कहा कि जेएमएम के किसी भी कार्यकर्ता में इतनी क्षमता नहीं है कि वह उनका “रोआं भी उखाड़ सके”। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर ऐसा कोई प्रयास किया गया तो वे कड़ी प्रतिक्रिया देंगे । इसके अलावा उन्होंने गढ़वा के पूर्व एसपी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व एसपी द्वारा करीब 400 हथियारों के लाइसेंस जारी किए गए, जिससे जिले में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। विधायक ने जिला प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़े, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं, लेकिन जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!