रजनीश कुमार, गढ़वा
नव निर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष दौलत का थाना के सामने स्थित जिला परिषद मार्केट में स्थानीय दुकानदारों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष दौलत ने जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाया गया है, वह उस भरोसे को टूटने नहीं देंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे बाजार के सभी दुकानदार भाइयों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। इस अवसर पर बाजार के दुकानदारों ने अध्यक्ष को पाँच सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। मांग पत्र में प्रमुख रूप से बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, बढ़ती आबादी को देखते हुए एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने, बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने, बाजार की खाली जमीन पर पूर्व की तरह सब्जी मंडी शुरू कराने तथा रात के समय बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग शामिल थी। व्यापारियों ने विशेष रूप से असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीने और अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। नगर परिषद अध्यक्ष दौलत ने इन सभी मांगों को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें एक सप्ताह का समय दिया जाए, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आलोक मिश्रा, जितेन्द्र सिंह, औरंगजेब खान, कमलेश कुमार, अमित पाठक, अतुल भारद्वाज, गोपाल ठाकुर, मुर्तजा खान, अलाउदीन अंसारी, मारुति सोनी सहित कई दुकानदार भाई उपस्थित थे।












Leave a Reply