गढ़वा नगर परिषद के वार्ड नंबर 10 में शमशाद खान का जनसंपर्क तेज

वार्ड की जनता का आशीर्वाद मिला तो वार्ड के साथ-साथ पूरे 21 वार्ड में विकास की गंगा बहागें : शमशाद

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 से वार्ड पार्षद प्रत्याशी शमशाद खान ने अपने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान शमशाद खान ने कहा कि यदि वार्ड की जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिला तो वार्ड नंबर 10 को नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में सबसे बेहतर वार्ड बनाकर दिखाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करते हुए इसे एक मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 10 में जो विकास कार्य होने चाहिए थे, वे अब तक नहीं हुए हैं। पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जनता के विकास की बजाय व्यक्तिगत विकास को प्राथमिकता दी। “जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, इसी वजह से वार्ड के लोग बदलाव चाहते हैं,” उन्होंने कहा। शमशाद खान ने वादा किया कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो एक माह के भीतर विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेंगे। उन्होंने साफ-सफाई, सड़क-नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने को अपनी  प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ वार्ड नंबर 10 ही नहीं, बल्कि पूरे नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास में सहयोग देना है। “वार्ड की जनता अगर मुझे अवसर देती है तो पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा,” उन्होंने भरोसा दिलाया। जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और वार्डवासियों से मतदान की अपील करते दिखे। वार्ड नंबर 10 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और प्रत्याशी लगातार लोगों के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!