रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 से वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी समशाद खान ने चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। वे लगातार अपने वार्ड के विभिन्न गली-मोहल्लों का दौरा कर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। समशाद खान ने कहा कि वार्ड संख्या 10 में मूलभूत सुविधाओं की कमी लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व जनप्रतिनिधियों ने विकास के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं किया, जिसके कारण आज भी कई क्षेत्रों में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। बरसात के दिनों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि वार्ड की जनता का आशीर्वाद मिला तो वे वार्ड को विकसित एवं सुंदर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेंगे। उनकी पहली प्राथमिकता पक्की सड़क निर्माण, समुचित जल निकासी के लिए नाली निर्माण, नियमित पेयजल आपूर्ति तथा बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहेगा। इसके अलावा साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और वार्ड को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का भी संकल्प उन्होंने दोहराया। समशाद खान ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि वे चुनाव जीतते हैं तो नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि मजबूती के साथ उपाध्यक्ष पद के लिए खड़े रहेंगे ताकि वार्ड के साथ-साथ पूरे नगर परिषद क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि यह चुनाव वार्ड के भविष्य का चुनाव है और एक योग्य, सक्रिय एवं जवाबदेह प्रतिनिधि चुनना आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास के मुद्दे पर मतदान करें और उन्हें सेवा का अवसर दें।












Leave a Reply