भाजपा की बी-टीम नहीं हूं, जनता के भरोसे लड़ रहा हूं चुनाव : मासूम रजा

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मासूम रजा ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया है, जिनमें उन्हें भाजपा की बी-टीम बताया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे किसी भी पार्टी के समर्थन पर नहीं, बल्कि पूरी तरह से अपने दम और नगर परिषद क्षेत्र की जनता के भरोसे चुनाव लड़ रहे हैं।
मासूम रजा ने कहा कि उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में पिछले 16 वर्षों तक एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। बावजूद इसके पार्टी ने उन्हें नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए समर्पित उम्मीदवार घोषित नहीं किया। ऐसे में उन्होंने आत्मसम्मान और जनता की मांग को देखते हुए निर्दलीय रूप से चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। उन्होंने कहा, “मैं किसी पार्टी का मोहरा नहीं हूं। न भाजपा की बी-टीम हूं और न ही किसी अन्य दल की। यह चुनाव मैंने जनता के कहने पर और जनता के लिए लड़ने का निर्णय लिया है।” मासूम रजा ने दावा किया कि नगर परिषद क्षेत्र के लोगों का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है और लोग बदलाव चाहते हैं। अपने एजेंडे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया तो शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। बुनियादी सुविधाओं—सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और गरीब व मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। साथ ही पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त नगर परिषद बनाना उनका लक्ष्य रहेगा।
मासूम रजा ने मतदाताओं से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहकर विकास और ईमानदारी के मुद्दे पर मतदान करें। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का समर्थन मिला तो गढ़वा नगर परिषद को एक बेहतर और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!