गढ़वा नगर परिषद चुनाव में भाजपा का स्पष्ट समर्थन कंचन जायसवाल को : विधायक

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नगर की सरकार चुनने की इस प्रक्रिया में भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित उम्मीदवार के रूप में कंचन जायसवाल को मैदान में उतारा है। यह बात गढ़वा–रंका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी ने शनिवार को रंका मोड़ स्थित गुप्त वाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। विधायक तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा पार्टी का आधिकारिक समर्थन कंचन जायसवाल को प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रत्याशी खुद को भाजपा समर्थक बताकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस बार नगर परिषद का चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, बावजूद इसके भाजपा ने नगर के बेहतर विकास को देखते हुए कंचन जायसवाल को समर्थन देने का निर्णय लिया है। विधायक ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि झामुमो ने नगर परिषद चुनाव में ऐसे प्रत्याशी को समर्थन दिया है, जिस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और जो आरोपों में दोषी पाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और सही उम्मीदवार को ही चुनेगी। सत्येन्द्रनाथ तिवारी ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर कंचन जायसवाल के पक्ष में जनसंपर्क करें और उन्हें विजयी बनाने का काम करें। उन्होंने कहा कि कंचन जायसवाल के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र का समुचित विकास होगा और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सांसद घुरन राम, भाजपा समर्थित प्रत्याशी कंचन जायसवाल, उमेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा, रिंकू तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में कंचन जायसवाल को समर्थन देने की बात कही और नगर परिषद चुनाव में जीत का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!