भव्य मंगला जुलूस में दिखी रामभक्तों की आस्था और उत्साह
मंगला जुलूस में महिलाओं की रही भागीदारी, राम धुन पर झूमि महिलाएं
रजनीश कुमार, गढ़वा
रामनवमी के पावन अवसर से पूर्व मंगलवार को झारखंड के गढ़वा जिला में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर में भगवा रंग की छटा बिखर गई, जब विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा भव्य मंगला शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान रामभक्तों का उत्साह चरम पर रहा—कहीं नरसिंह अवतार तो कहीं कांतारा अवतार की झलक प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभा यात्रा की शुरुआत शहर के काली मंदिर से हुई, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रंका मोड़ पहुंची। यहां अलग-अलग अखाड़ा समितियों द्वारा आकर्षक और मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। श्री महावीर मंडल गढ़वा के तत्वावधान में दक्षिण भारत से आए कलाकारों ने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। इस बार की शोभा यात्रा में नारी शक्ति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्री महावीर मंडल की महिला अध्यक्ष विनीता आनंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं लाल साड़ी पहनकर एक समान वेशभूषा में शामिल हुईं। भगवान राम के भजनों पर थिरकती महिलाओं की टोली ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्री महावीर मंडल के संस्थापक अध्यक्ष कंचन कुमार साहू ने बताया कि इस वर्ष शोभा यात्रा में महिलाओं की भागीदारी पहले से कहीं अधिक रही है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि गढ़वा में भविष्य में रामनवमी का आयोजन और भी भव्य होगा, जो हजारीबाग जैसे बड़े आयोजनों को भी टक्कर देगा। शोभा यात्रा के दौरान महावीर मंडल की महिलाओं ने जमकर नृत्य किया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। इस अवसर पर दीपक तिवारी, नंदकुमार गुप्ता, विजय केसरी, ज्योति प्रकाश, सुरेश पटवा, राहुल साहू, पिंटू ठाकुर, सुनील केसरी, पूनम कांस्यकार, अशोक पटवा, देवेन्द्र गुप्ता, सोनाली केसरी, दीपिका केसरी, पवन कुमार, करीम प्रसाद, राजेश विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी ओर श्री राम सेवा संपूर्ण अखाड़ा समिति द्वारा भी भव्य मंगल जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में महाराष्ट्र से बुलाए गए ढोल-नगाड़ा कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। शोभायात्रा काली मंदिर से निकलकर रंका मोड़, गढ़देवी मोड़, मझिआव मोड़ होते हुए रमा मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष दौलत सोनी, उमेश कश्यप, अरविंद पटवा सहित कई लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रामनवमी से पहले इस भव्य आयोजन ने गढ़वा को पूरी तरह से भक्तिमय रंग में रंग दिया और यह साबित कर दिया कि यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत कितनी समृद्ध और जीवंत है।












Leave a Reply