पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गला मिलकर ईद की दी बधाई
रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा जिला में ईद-उल-फितर का पर्व अकीदत और मसर्रत के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिले के विभिन्न इदगाहों, मस्जिदों और मदरसों में दो रकअत वाजिब नमाज-ए-ईद-उल-फितर अदा की। सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ नमाज स्थलों पर जुटने लगी थी, जिससे पूरे इलाके में उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
गढ़वा ईदगाह में उमड़ी भीड़, पेश इमाम ने कराई नमाज
जिला मुख्यालय स्थित गढ़वा ईदगाह में जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज अब्दुस्समद ने नमाज-ए-ईद अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
नेताओं ने दी बधाई, भाईचारे का दिया संदेश
इस मौके पर मिथिलेश कुमार ठाकुर ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गढ़वा की पहचान आपसी सौहार्द और भाईचारे से है, जहां हिंदू-मुस्लिम मिलकर हर त्योहार को एकजुटता के साथ मनाते हैं।
जिले के विभिन्न स्थानों पर अदा की गई नमाज
जिले के अन्य इलाकों में भी ईद की नमाज अदा की गई। टंडवा मस्जिद में मौलाना शाहजाद आलम मिसवाही, उंचरी मस्जिद में मुफ्ती मो. यूनुस, मदरसा तबलिगुल इस्लाम के मैदान में मौलाना लियाकत हुसैन तथा कल्याणपुर ईदगाह में मौलाना यूसुफ ने नमाज अदा कराई।
इंतजामिया कमेटी और प्रशासन रहा मुस्तैद
नमाज अदायगी को लेकर सभी स्थलों पर इंतजामिया कमेटियों द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सभी इबादतगाहों के पास दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
आपसी प्रेम और सौहार्द का दिखा संदेश
ईद के इस पावन अवसर पर पूरे जिले में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द का संदेश देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयां और मिठाइयों का आनंद लिया और खुशियां साझा कीं।












Leave a Reply