रजनीश कुमार, गढ़वा
झारखंड में हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव के बाद अब गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हो चुका है और निर्वाचित अध्यक्ष ने जीत दर्ज कर ली है, लेकिन अब सभी की नजर उपाध्यक्ष पद पर टिकी हुई है। जानकारी के अनुसार गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 21 वार्ड हैं। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में जीत हासिल करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को कम से कम 11 वार्ड पार्षदों का समर्थन आवश्यक होगा। ऐसे में संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए लगातार वार्ड पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं और उन्हें अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद को लेकर इस समय राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र से तीन उम्मीदवारों ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी किसी के नाम की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अंदरखाने समर्थन जुटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कई वार्ड पार्षदों के साथ संभावित उम्मीदवारों की बैठकें भी हो रही हैं और समर्थन पाने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। ऐसे में नगर परिषद की राजनीति में जोड़-तोड़ और समीकरणों का दौर भी शुरू हो गया है। गौरतलब है कि 17 मार्च को गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होना है। इसी दिन उपाध्यक्ष पद को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उपाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल तीनों उम्मीदवारों में से कौन वार्ड पार्षदों का बहुमत समर्थन जुटाने में सफल होता है और गढ़वा नगर परिषद का अगला उपाध्यक्ष बनने में कामयाब होता है। फिलहाल पूरे नगर परिषद क्षेत्र में इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और सभी की नजर 17 मार्च पर टिकी हुई है।












Leave a Reply