रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा प्रखंड के लोटो गांव निवासी सह युवा समाजसेवी सुजीत धर दुबे उर्फ रिशू दुबे ने आगामी 16 मार्च को लालीमाटी स्थित लोटो मोड़ के समीप दावत-ए-इफ्तार पार्टी का आयोजन किया है। उन्होंने बताया कि रमजान के इस पाक महीने में इफ्तार करना बहुत ही पुण्य का कार्य है। इसी उद्देश्य से आपसी भाईचारा और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। रिशू दुबे ने कहा कि गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र में हिंदू और मुस्लिम सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे के त्योहार को मिलजुल कर मनाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है और इसमें क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के लोग शामिल होंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गढ़वा में जल्द ही बाबा साहब भीमराव अबेंडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए वे और उनकी टीम उपयुक्त स्थल का चयन कर रहे हैं। स्थल तय होते ही कुछ ही दिनों में भव्य प्रतिमा लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। रिशू दुबे ने दावा किया कि उनके द्वारा लगाई जाने वाली बाबा साहब की प्रतिमा गढ़वा ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में अलग पहचान बनाएगी। इस दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता से कोई लेना-देना नहीं है और वे केवल चुनाव के समय वादे करते हैं। चुनाव खत्म होने के बाद वे जनता से दूरी बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्य तो किए, लेकिन जनता के दिल में जगह नहीं बना पाए, इसलिए उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला। रिशू दुबे ने कहा कि यदि गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र की जनता उन पर विश्वास कर समर्थन देती है तो वे क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कई नए कार्य कर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता सर्वोपरि है और किसे जिताना या हराना है, इसका फैसला जनता ही करती है। फिलहाल उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान 16 मार्च को होने वाले दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम को सफल बनाने पर है।












Leave a Reply