झामुमो के जिला सचिव सह कोरवाडीह पंचायत के मुखिया पर जानलेवा हमला, हाथ की उंगली टूटी

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के गढ़वा जिला सचिव सह कोरवाडीह पंचायत के मुखिया शरीफ अंसारी पर शुक्रवार की दोपहर लगभग 3 बजे जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में मुखिया शरीफ अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके हाथ की एक उंगली टूट गई है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी देते हुए मुखिया शरीफ अंसारी ने बताया कि गांव के ही करामत अंसारी द्वारा उन पर हमला किया गया है। उन्होंने बताया कि वह अपने घर से किसी जरूरी सामान के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान गांव के पास स्थित पुल के पास पहले से घात लगाकर बैठे करामत अंसारी ने बड़े पत्थर से उन पर हमला कर दिया। मुखिया ने बताया कि जब उन्होंने हमले से बचने की कोशिश की तो उनके हाथ में गंभीर चोट लग गई, जिससे हाथ की एक उंगली टूट गई। इसके बाद वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि उनके घर के पास भी हमलावरों द्वारा उनके भाई और भतीजे पर हमला किया गया है, जिसमें दोनों घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। शरीफ अंसारी ने बताया कि इससे पहले भी उनके ऊपर जानलेवा हमला किया जा चुका है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी गढ़वा थाना को दे दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के गढ़वा जिला अध्यक्ष शंभू राम ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!