झारखंड में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में श्री बंशीधर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुधा देवी ने बुधवार को पाल्हे कला गांव में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। अपने समर्थकों के साथ उन्होंने गांव के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी उनकी बातें सुनीं और स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। जनसंपर्क के दौरान सुधा देवी ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलता है तो श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में समुचित और संतुलित विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कार्यकाल में जनहित के बजाय व्यक्तिगत विकास पर अधिक ध्यान दिया गया। जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की गई, जिसके कारण आज भी कई आवश्यक सुविधाएं अधूरी हैं। सुधा देवी ने विशेष रूप से नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में एक भी व्यवस्थित सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं है, जिससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने वादा किया कि यदि वे निर्वाचित होती हैं तो सबसे पहले प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, जलनिकासी, पेयजल व्यवस्था और सड़क मरम्मत जैसे मुद्दों को भी अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित नगर के रूप में स्थापित करना उनका लक्ष्य है। जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और युवा भी शामिल रहे। समर्थकों ने सुधा देवी के पक्ष में नारे लगाए और उन्हें विजयी बनाने का संकल्प दोहराया। चुनावी माहौल के बीच श्री बंशीधर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।
सुधा देवी ने जनसंपर्क अभियान चलाकर पाल्हे कला में मांगा वोट












Leave a Reply