वादा नहीं विकास करके दिखाऊंगा, सभी वर्ग को साथ लेकर चलूंगा : अलख

अलखनाथ पांडेय को सभी वर्ग का मिल रहा है समर्थन


रजनीश कुमार, गढ़वा

झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्यभर के नगर परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव भी बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। यहां अध्यक्ष पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय नहीं बल्कि बहुकोणीय बन गया है। इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित उम्मीदवार संतोष केसरी और भारतीय जनता पार्टी की समर्पित उम्मीदवार कंचन जायसवाल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह चर्चित एवं अनुभवी नेता अलखनाथ पांडेय भी निर्दलीय रूप से चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ डटे हुए हैं। अलखनाथ पांडेय प्रतिदिन विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं और अपने कार्यकाल तथा साफ-सुथरी छवि को आधार बनाकर समर्थन मांग रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अलखनाथ पांडेय लंबे समय से नगर की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उनकी पहचान एक सरल, सुलभ एवं साफ छवि वाले नेता के रूप में रही है। चुनावी माहौल में अब तक की स्थिति को देखते हुए अलखनाथ पांडेय को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उन्हें विभिन्न वर्गों का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है। हालांकि चुनाव परिणाम का असली फैसला मतपेटी से ही निकलेगा। अब सबकी नजर 23 फरवरी पर टिकी है, जब यह स्पष्ट होगा कि मतदाता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताते हैं और गढ़वा नगर परिषद की कमान किसे सौंपते हैं। फिलहाल नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है और प्रत्याशी अंतिम दौर के जनसंपर्क में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!