रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। भक्ति गीतों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा। पूजा कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में अभिमन्यु सिंह ने अपने पूरे परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर विशेष आराधना की गई। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर जानकारी देते हुए अभिमन्यु सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है और उसके बाद भंडारे का आयोजन होता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति करने से मन को अपार शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना करने और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से पूजा में भाग लिया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने शांति, अनुशासन एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।












Leave a Reply