रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा शहर के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान प्रभात मेडिकल सेंटर अपने 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 17 फरवरी को एक दिवसीय नि:शुल्क हृदय जांच शिविर का आयोजन करने जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सेंटर के निर्देशक डॉ. पंकज प्रभात ने बताया कि संस्थान की स्थापना के 15 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आमजनों के स्वास्थ्य हित को ध्यान में रखते हुए यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। डॉ. प्रभात ने बताया कि शिविर में गढ़वा एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की हृदय संबंधी जांच की जाएगी। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में ईसीजी, ब्लड प्रेशर जांच, शुगर जांच सहित आवश्यक परामर्श नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हृदय रोग के बढ़ते मामलों को देखते हुए समय-समय पर जांच बेहद जरूरी है, ताकि गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मरीजों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। जो भी मरीज जांच कराना चाहते हैं, वे समय से आकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर मेडिकल क्षेत्र में अध्ययन कर डॉक्टर बने स्थानीय युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। डॉ. पंकज प्रभात ने कहा कि यह सम्मान समारोह युवा पीढ़ी को चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नि:शुल्क हृदय जांच शिविर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।












Leave a Reply