रजनीश कुमार, गढ़वा
श्री बंशीधर नगर पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुधा देवी ने कहा है कि यदि उन्हें मतदाताओं का आशीर्वाद मिला तो नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सबसे जरूरी है, ताकि आम जनता को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके। सुधा देवी ने बताया कि वर्तमान में नगर पंचायत क्षेत्र में एक भी सुलभ शौचालय उपलब्ध नहीं है, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष चुने जाने पर प्राथमिकता के आधार पर सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ लोगों की सुविधा भी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वह केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि वार्डों में बैठकर जनता की समस्याओं को सुनेंगी और उनका समाधान करेंगी। उनका उद्देश्य एक ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था बनाना है, जहां जनता की आवाज सीधे सुनी जाए और त्वरित कार्रवाई हो। नगर पंचायत क्षेत्र की जमीनी समस्याओं पर बात करते हुए सुधा देवी ने कहा कि आज भी कई वार्डों में सड़क और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। विशेष रूप से वार्ड नंबर 16 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे मोहल्ले के लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थिति यह है कि आज भी लोग पगडंडी के रास्तों से आने-जाने को मजबूर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अध्यक्ष बनने पर सड़क निर्माण और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही नगर पंचायत को एक विकसित मॉडल क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर राजू सिंह, शिव कुमार पांडेय सहित कई स्थानीय नागरिक और समर्थक उपस्थित थे, जिन्होंने सुधा देवी के विचारों का समर्थन किया और नगर के विकास के लिए उनके संकल्प की सराहना की।












Leave a Reply