रजनीश कुमार, गढ़वा
पिछले जनप्रतिनिधियों ने जो विकास नहीं किया है, वह करके दिखाऊंगा : संध्या
नगर परिषद गढ़वा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी इन दिनों पूरे चुनावी रंग में नजर आ रहे हैं। वे नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इस दौरान वे घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं और अपने चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान आशीष सोनी ने कहा कि वे वादे करने नहीं, बल्कि विकास करके दिखाने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरे हैं। अगर नगर परिषद क्षेत्र की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया, तो गढ़वा नगर परिषद को एक सुसज्जित, विकसित और मॉडल नगर बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन और आशीर्वाद से ही वे चुनाव लड़ रहे हैं और जनता का भरोसा उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने पिछले जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते वर्षों में जनता से विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आया। जनता को सिर्फ गुमराह करने का काम किया गया। इस बार नगर परिषद क्षेत्र की जनता बदलाव के मूड में है और अब विकास चाहती है। इसी मौके पर उनकी समर्थक संध्या ने भी कहा कि जो काम पिछले जनप्रतिनिधि नहीं कर पाए, उसे आशीष सोनी पूरा करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि गढ़वा की जनता अब जागरूक हो चुकी है और सही नेतृत्व चुनने का मन बना चुकी है। यह बातें आशीष सोनी ने अपने चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कहीं। उद्घाटन समारोह में विभिन्न वार्डों से आए समर्थकों के साथ-साथ शहर के कई प्रतिष्ठित लोग भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर आशीष सोनी को विजयी बनाने का संकल्प लिया।












Leave a Reply