पति-पत्नी एक साथ उतरे चुनावी मैदान में, अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए भरा नामांकन

रजनीश कुमार, गढ़वा


नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को एक दिलचस्प और चर्चा में रहने वाला नजारा देखने को मिला, जब पति और पत्नी दोनों ने अलग-अलग पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। पति जितेंद्र सिन्हा ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए समाहरणालय स्थित एसी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, वहीं उनकी पत्नी रश्मि सिन्हा ने वार्ड संख्या 14 से वार्ड पार्षद पद के लिए प्रखंड कार्यालय में नामांकन भरा। पति-पत्नी का एक साथ चुनावी मैदान में उतरना नगर परिषद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। नामांकन से पूर्व दोनों प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में नामांकन स्थल पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी की। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र सिन्हा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के कई वार्ड आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि अगर मतदाताओं का आशीर्वाद उन्हें मिला, तो वे सभी वार्डों में पेयजल, सड़क, नाली, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। वहीं वार्ड संख्या 14 से प्रत्याशी रश्मि सिन्हा ने कहा कि वे अपने वार्ड के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगी। उन्होंने वार्ड की समस्याओं को नजदीक से देखने-समझने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही। पति-पत्नी की इस जोड़ी के चुनावी मैदान में उतरने से नगर परिषद चुनाव और भी रोचक हो गया है। अब देखना यह होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है और चुनावी नतीजे किस करवट बैठते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!