रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्पित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संतोष केसरी ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के मौके पर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। संतोष केसरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शहर के तारामंडप से जुलूस निकालकर नामांकन की शुरुआत की। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर पहुंचा, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांतिपूर्ण चुनाव की कामना की। इसके बाद समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचकर एसी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा जोश देखने को मिला। हाथों में पार्टी के झंडे और नारेबाजी के बीच पूरा माहौल झामुमोमय नजर आया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में संतोष केसरी ने कहा कि गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, जिन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, “अब तक जो विकास कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करने का काम करूंगा। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, नाली और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।” उन्होंने जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि अगर मतदाताओं ने मौका दिया तो गढ़वा नगर परिषद को एक बेहतर, स्वच्छ और विकसित नगर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। नामांकन के साथ ही गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव और अधिक रोचक हो गया है। अब सभी प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने में जुट गए हैं।













Leave a Reply