नामांकन करती अनिता दत्त
रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। नामांकन के आखिरी दिन अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। इसी क्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनिता दत्त, पूर्व उपाध्यक्ष अनिल पांडेय एवं मासूम खान ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। तीनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में समाहरणालय पहुंचे और वहां एसी कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समाहरणालय परिसर में नारेबाजी और चुनावी चर्चा का माहौल बना रहा। प्रत्याशियों ने नामांकन के बाद कहा कि वे जनता के बीच जाकर अपने विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को रखेंगे तथा मतदाताओं का आशीर्वाद लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं।
प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नामांकन समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पर टिकी हैं। अध्यक्ष पद के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से यह स्पष्ट है कि इस बार गढ़वा नगर परिषद चुनाव में कड़ा और रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस प्रत्याशी को नगर परिषद की कमान सौंपती है।













Leave a Reply