गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अलखनाथ पांडेय ने भरा नामांकन, सोनपुरवा से निकाली रैली

रजनीश कुमार, गढ़वा

नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में अलखनाथ पांडेय ने मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने सोनपुरवा से समर्थकों के साथ भव्य रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंची। रैली में भारी संख्या में समर्थक शामिल रहे और पूरे रास्ते नारेबाजी व उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नामांकन प्रक्रिया से पहले अलखनाथ पांडेय ने गढ़देवी मंदिर तथा संकट मोचन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद वे अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय स्थित एसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नियमानुसार नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान अलखनाथ पांडेय ने कहा कि वे नगर परिषद को स्वच्छ, सुंदर और विकासशील बनाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने मौका दिया तो बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। नामांकन के समय उनके साथ कई प्रमुख समर्थक, स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। नामांकन दाखिल होते ही उनके समर्थकों में उत्साह देखा गया और जीत का भरोसा जताया गया। गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुरू होते ही मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है, वहीं आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!