गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद से विकास माली ने किया नामांकन, कर्बला मैदान से निकाली रैली

रजनीश कुमार, गढ़वा

नगर परिषद चुनाव को लेकर गढ़वा में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विकास माली ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने कर्बला मैदान से समर्थकों के साथ भव्य रैली निकाली, जो गढ़देवी मंदिर, रंका मोड़, चिनियां मोड़ मार्गों से होते हुए समाहरणालय स्थित एसी कार्यालय पहुंची। रैली में भारी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। समर्थकों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर विकास माली के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। पूरे शहर का माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया। नामांकन के दौरान विकास माली ने कहा कि वे नगर परिषद को स्वच्छ, सुंदर और विकासशील बनाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उन्हें सेवा का अवसर दें, ताकि गढ़वा शहर के बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ठोस काम किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि उनका चुनाव लड़ने का मकसद केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। रैली और नामांकन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई, प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नामांकन के साथ ही गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव अब और रोचक हो गया है। आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशियों के नामांकन और प्रचार से चुनावी माहौल और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!