गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए दौलत सोनी ने किया नामांकन

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए दौलत सोनी ने मंगलवार को विधिवत रूप से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अवसर पर शहर में राजनीतिक हलचल देखने को मिली और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। दौलत सोनी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ तारामंडप से जुलूस निकालकर नामांकन के लिए रवाना हुए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गढ़देवी मंदिर पहुंचा, जहां उन्होंने देवी मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के उपरांत दौलत सोनी अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसी कार्यालय में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका उत्साह बढ़ाया। नामांकन के बाद दौलत सोनी ने कहा कि वे जनता के विश्वास और आशीर्वाद से चुनाव मैदान में उतरे हैं। यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में पारदर्शी प्रशासन, बेहतर नागरिक सुविधाएं और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता होगी। नामांकन के मौके पर कई गणमान्य लोग, स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। दौलत सोनी के नामांकन के साथ ही गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनावी मुकाबला और भी रोचक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!