रजनीश कुमार, गढ़वा
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की समर्पित उम्मीदवार कंचन जासवाल ने मंगलवार को पूरे उत्साह और समर्थकों की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और इसके बाद समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचीं। नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और पार्टी के नारों के बीच कंचन जासवाल ने विधिवत रूप से अपना पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में कंचन जासवाल ने कहा कि यदि नगर परिषद क्षेत्र के मतदाताओं का आशीर्वाद उन्हें मिला, तो वे गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, बेहतर सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल को नगर परिषद स्तर तक उतारने का प्रयास किया जाएगा। कंचन जासवाल ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे एक बार भाजपा को सेवा का अवसर दें, ताकि गढ़वा को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाया जा सके। नामांकन के साथ ही गढ़वा नगर परिषद चुनाव का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस उम्मीदवार पर अपना भरोसा जताती है।













Leave a Reply