रजनीश कुमार,गढ़वा
आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए संतोष केसरी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। इस घोषणा के साथ ही गढ़वा की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार संतोष केसरी लंबे समय से झामुमो से जुड़े हुए हैं और सामाजिक तथा राजनीतिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे जमीनी स्तर पर आम जनता से जुड़े नेता माने जाते हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संतोष केसरी की लोकप्रियता और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा नगर परिषद चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी। उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। समर्थकों ने इसे जनता की जीत बताते हुए कहा कि संतोष केसरी आम लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए हमेशा आगे रहे हैं। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि उनके नेतृत्व में गढ़वा नगर परिषद का समुचित विकास होगा। संतोष केसरी ने उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। झामुमो नेताओं का कहना है कि पार्टी विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं, विपक्षी दलों की रणनीति पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में गढ़वा नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।












Leave a Reply