14 जनवरी को यज्ञाचार्य करेगें कुटिया प्रवेश, यज्ञ को लेकर तैयारी अंतिम चरण पर
महायज्ञ का संयोजक राकेश पाल ने पत्रकारों को किया सम्मानित
रजनीश कुमार, गढ़वा
जिला मुख्यालय स्थित जोबरईया गांव के बंडा पहाड़ स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में प्रस्तावित नौ दिवसीय विराट श्री रुद्र महायज्ञ की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आठ मार्च से 16 मार्च तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महायज्ञ की पूर्व संध्या पर 14 जनवरी को यज्ञाचार्य का कुटिया प्रवेश कार्यक्रम किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य नगर भ्रमण का भी आयोजन होगा। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ शामिल होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में श्री रुद्र महायज्ञ समिति के प्रधान संयोजक राकेश पाल ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महायज्ञ का आयोजन जागृति युवा क्लब के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक जागरण एवं जनभागीदारी से यह कार्यक्रम क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को नई दिशा देगा। राकेश पाल ने कहा कि महायज्ञ की औपचारिक शुरुआत पिछले 10 दिसंबर को हनुमंत ध्वज की स्थापना के साथ कर दी गई थी और तब से लगातार तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की है। ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
यज्ञाधीश श्री श्री आचार्य आशीष वैद्य महाराज ने बताया कि इस विराट रुद्र महायज्ञ में रामकथा वाचन के लिए अयोध्या धाम से सुप्रसिद्ध कथावाचक पंकज साध्वी पधारेंगे। प्रतिदिन संध्या छह बजे से रामकथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महायज्ञ में 21 सदस्यीय विद्वान आचार्यों की टोली भी शामिल होगी। जो वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विभिन्न अनुष्ठानों का संचालन करेगी। इससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार होगा।
मां गढ़देवी मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आयोजन है। बल्कि बंडा पहाड़ की लोकप्रियता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह स्थल पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत संभावनाशील है। ऐसे आयोजनों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी लोगों से कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता के लिए सहयोग की अपील की।
जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल ने कहा कि बंडा पहाड़ तपस्वियों की साधना स्थली रह चुका है। वहीं यहां का वातावरण अध्यात्म से ओतप्रोत है। उन्होंने कहा कि जागृति युवा क्लब सदैव धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। क्लब द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर प्रतिवर्ष दो से तीन सौ छठव्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा मेगा रक्तदान शिविर सह जागरूकता अभियान, पौधारोपण तथा अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि क्लब द्वारा लगाए गए कई पौधे अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं। जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रेसवार्ता में गढ़वा प्रखंड प्रमुख अनिता देवी, नवादा पंचायत की मुखिया आशा देवी, जागृति युवा क्लब के उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, सचिव विनय कुमार पाल, कोषाध्यक्ष विवेकानंद पाल, उपकोषाध्यक्ष चैतू भुईयां, ओम प्रकाश पाल, नागेंद्र पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने संयुक्त रूप से महायज्ञ को सफल बनाने और क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।












Leave a Reply