रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा पुलिस मेंस एसोसिएशन का बहुप्रतीक्षित चुनाव आगामी 22 जून को आयोजित किया जाएगा। चुनाव को लेकर पुलिस महकमे में सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए पुलिस जवानों से लगातार संपर्क कर रहे हैं। चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जून को नामांकन, 20 जून को नाम वापसी तथा 22 जून को मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद उसी रात मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में जिले के 1075 पुलिस जवान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पुलिस मेंस एसोसिएशन के चुनाव में कुल सात पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, केंद्रीय सदस्य एवं अंकेक्षक शामिल हैं। एसोसिएशन का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है, इसलिए इस चुनाव को लेकर पुलिस कर्मियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
क्या अध्यक्ष पद पर रवि लगाएंगे हैट्रिक?
इस बार सबसे अधिक चर्चा अध्यक्ष पद को लेकर है। जानकारी के अनुसार वर्तमान अध्यक्ष रवि कुशवाहा लगातार दो कार्यकाल से इस पद पर बने हुए हैं और एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या वह तीसरी बार जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर हैट्रिक लगाने में सफल होंगे। पुलिस जवानों के बीच रवि कुशवाहा की सक्रियता उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। बताया जाता है कि वह जवानों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं तथा कार्यालय या अन्य समस्याओं के समाधान के लिए व्यक्तिगत रूप से पहल करते हैं। यही कारण रहा कि पिछले दो चुनावों में उन्हें जवानों का भरपूर समर्थन मिला और वह अध्यक्ष पद तक पहुंचे। हालांकि चुनावी मैदान में अंतिम तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी। यदि इस बार भी पुलिस जवानों का विश्वास और समर्थन रवि कुशवाहा के साथ रहता है तो वह अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। फिलहाल पूरे पुलिस महकमे में चुनावी माहौल गर्म है और सभी की निगाहें 22 जून को होने वाले मतदान एवं परिणाम पर टिकी हुई हैं।












Leave a Reply