आपन सरस्वतिया” अभियान के 16वें दिन गढ़देवी मोहल्ला एवं पिपरा कला में चला सफाई अभियान

रजनीश कुमार, गढ़वा

जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत मंगलवार को लगातार 16वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग एवं नदी पुनर्जीवन का कार्य जारी रहा। आज अभियान गढ़देवी मोहल्ला तथा पिपरा कला क्षेत्र में चलाया गया, जहां स्थानीय नागरिकों एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयास से नदी की स्वच्छता एवं प्रवाह क्षमता बढ़ाने की दिशा में कार्य किया गया।

नरगिर आश्रम में हुई स्वच्छता प्रेमियों की बैठक

मंगलवार की सुबह गढ़देवी मोहल्ला स्थित नरगिर आश्रम में लगभग एक सौ स्वच्छता प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में “आपन सरस्वतिया” अभियान को और अधिक व्यापक बनाने तथा नदी संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के उपरांत नरगिर आश्रम के समीप स्थित छठ घाट के पास जेसीबी मशीन की सहायता से सफाई अभियान चलाया गया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे सरस्वतिया नदी की स्वच्छता, अविरलता एवं संरक्षण के लिए निरंतर सहयोग करेंगे तथा अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।

जनसहभागिता की एसडीएम ने की सराहना

वार्ड संख्या 7 के पार्षद विनोद प्रसाद एवं समाजसेवी चंदन जायसवाल की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की स्वैच्छिक सहभागिता की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी भी जनहितकारी अभियान की सफलता में समाज की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि “आपन सरस्वतिया” अभियान अब एक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आ रहे हैं।

पिपरा कला में भी चला सफाई एवं चौड़ीकरण अभियान

वहीं दूसरी ओर गढ़वा अंचलाधिकारी सफी आलम के सौजन्य से पिपरा कला क्षेत्र में भी जेसीबी मशीन की सहायता से नदी की सफाई कराई गई। इस दौरान पुल के नीचे एवं दोनों किनारों पर जमा कूड़ा-कचरा, गाद तथा अन्य अवरोधों को हटाया गया। साथ ही नदी के चौड़ीकरण की दिशा में भी कार्य किया गया, ताकि बरसात के मौसम में जल प्रवाह सुचारू रूप से हो सके।

अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अंचलाधिकारी साफी आलम द्वारा किए जा रहे सहयोग एवं अभियान के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से सरस्वतिया नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

लगातार बढ़ रही है जनसहभागिता

उल्लेखनीय है कि पिछले 16 दिनों से लगातार चल रहे “आपन सरस्वतिया” अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। प्रशासन और समाज के साझा प्रयास से नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग, अतिक्रमण मुक्ति एवं जनजागरूकता का कार्य एक साथ आगे बढ़ रहा है, जिससे सरस्वतिया नदी के पुनर्जीवन की उम्मीद और मजबूत हुई है।
आज के अभियान में धर्मनाथ झा,वार्ड पार्षद विनोद प्रसाद करीमन,पार्षद प्रतिनिधि राजेश विश्वकर्मा,चन्दन जायसवाल,अनिरुद्ध शरण,जयशंकर बघेल,संजय सिंह अग्रहरि,गुड्डू हरि,सुंगंध,बघेल,अरविंद केशरी,अंशु काँसकार,विजय ठाकुर,पवन बघेल आदि की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!