आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत मेराल में उत्साहपूर्वक शुरू हुई नदी सफाई

रजनीश कुमार, गढ़वा

आपन सरस्वतिया” अभियान के विस्तार के तहत रविवार को मेराल प्रखंड में सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्य का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। अंचलाधिकारी यशवंत नायक के नेतृत्व में स्थानीय बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से अभियान में भाग लेते हुए नदी की सफाई शुरू की।

अभियान के दौरान नदी क्षेत्र में जमा कचरे की सफाई के साथ-साथ गाद हटाने (डी-सिल्टिंग) का कार्य भी प्रारंभ किया गया। उपस्थित लोगों ने श्रमदान कर नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने की दिशा में अपने योगदान का संकल्प लिया।

अभियान के शुभारंभ से पूर्व उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं तथा सरस्वतिया नदी के संरक्षण, संवर्धन एवं उसके प्राकृतिक प्रवाह को पुनर्जीवित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। लोगों ने कहा कि नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर है, जिसे सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अंचलाधिकारी यशवंत नायक ने कहा कि जनसहभागिता से चलने वाले ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अभियान से निरंतर जुड़े रहें तथा नदी को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।

उल्लेखनीय है कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर प्रारंभ किए गए “आपन सरस्वतिया” अभियान को अब विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त होता दिख रहा है। मेराल क्षेत्र में भी स्थानीय लोगों के उत्साह और सहभागिता से यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप लेता दिखाई दे रहा है।
आज के कार्यक्रम के दौरान मुखिया राम सागर महतो, मुखिया प्रतिनिधि मुन्नाराम, पूर्व जिप सदस्य संजय भगत, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, समाजसेवी अतहर अली अंसारी, धनंजय चौधरी, मनोज जायसवाल, रोहित कुमार, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, यासिन अंसारी, मोबिन अंसारी, रूपू महतो आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसडीएम संजय कुमार और अंचलाधिकारी यशवंत नायक ने इन सभी प्रबुद्ध जनों के स्वैच्छिक प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!