बलराम चंद्रवंशी के समर्थन में उतरा चंद्रवंशी समाज, भू-माफियाओं को दी चेतावनी

रजनीश कुमार, गढ़वा

ग्राम चेतना में चंद्रवंशी समाज के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्नी चंद्रवंशी अपने युवा साथियों के साथ बलराम चंद्रवंशी के आवास पहुंचे और जमीन से संबंधित राजस्व अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि संबंधित भूमि की जमाबंदी वर्ष 1944 से ही कायम है तथा तब से लेकर आज तक नियमित रूप से लगान रसीद कटती आ रही है। सन्नी चंद्रवंशी ने कहा कि उपलब्ध राजस्व दस्तावेजों के अध्ययन से यह स्पष्ट होता है कि भूमि का रिकॉर्ड लंबे समय से विधिवत दर्ज है। उन्होंने कहा कि यदि भू-माफियाओं या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा बलराम चंद्रवंशी अथवा उनके परिवार के किसी सदस्य को परेशान करने का प्रयास किया गया, तो चंद्रवंशी समाज इसका पुरजोर विरोध करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समाज के सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ग्राम चेतना की धरती पर चंद्रवंशी समाज का महाजुटान आयोजित किया जाएगा, जिसकी गूंज पूरे क्षेत्र में सुनाई देगी। सन्नी चंद्रवंशी ने कहा कि समाज हमेशा न्याय और कानूनी प्रक्रिया के पक्ष में खड़ा रहा है। उन्होंने संबंधित पक्षों से अपील की कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का समाधान कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहे। इस अवसर पर उनके साथ मौजूद युवा साथियों ने भी बलराम चंद्रवंशी और उनके परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाई जाएगी तथा समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!