रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा स्थित सीआरपीएफ (CRPF) की 172वीं बटालियन मुख्यालय में शनिवार को एक सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बटालियन में तैनात जीडी (जनरल ड्यूटी) जवान प्रकाश चन्द्र के सेवा सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में द्वितीय कमान पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह ने प्रकाश चन्द्र को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके दीर्घकालीन एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर द्वितीय कमान पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जैसे चुनौतीपूर्ण संगठन में देश की सेवा करते हुए सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना किसी भी जवान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रकाश चन्द्र ने अपने सेवाकाल के दौरान अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है, जो अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि सीआरपीएफ के जवान देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था तथा विभिन्न विषम परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सेवा के प्रत्येक वर्ष का अपना महत्व होता है और सेवानिवृत्ति के अवसर पर उनके योगदान को सम्मान देना संगठन की परंपरा का हिस्सा है। समारोह के दौरान बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने भी प्रकाश चन्द्र के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया तथा उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विदाई के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। सहकर्मियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका सरल स्वभाव और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। कार्यक्रम का समापन प्रकाश चन्द्र के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामनाओं के साथ किया गया। बटालियन परिवार ने उनके सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।











Leave a Reply