गढ़वा में तीन होटलों पर पुलिस छापेमारी: अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में मैनेजर समेत 6 लोग जेल भेजे गए

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा शहर में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग होटलों में चल रहे कथित अनैतिक कार्यों का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में होटल मैनेजर सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में होटल मालिक, संचालक समेत 12 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

किन-किन लोगों को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, सोनपुरवा स्थित होटल एसएनसी के मैनेजर भवनाथपुर थाना क्षेत्र के गोरू गांव निवासी सोरख पासवान, होटल आरडीएस के मैनेजर संगत मोहल्ला निवासी मनोज कुमार, सोनपुरा निवासी अफरीदी आलम, उत्तर प्रदेश के दुद्धी (सोनभद्र) निवासी आशुतोष कुमार, मझिआंव थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा निवासी धर्मेंद्र कुमार तथा अंचला नावाडीह गांव निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने होटल एसएनसी, होटल आरडीएस और होटल तिवारी इन के मालिक व संचालकों के साथ-साथ एक अन्य आरोपी फ़ुज़ैल रहमान (जो ऊंचरी निवासी है और होटल में रुपेश साह के नाम से रह रहा था) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
छापेमारी में क्या मिला
थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि होटल आरडीएस में ठहरे एक आरोपी आशुतोष कुमार के पास से कई आपत्तिजनक फोटो और सामग्री बरामद की गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
नाबालिगों को परिजनों को सौंपा गया
छापेमारी के दौरान कुछ नाबालिग भी पाए गए थे, जिन्हें उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।

जांच जारी, और खुलासे की संभावना
पुलिस का कहना है कि यह मामला काफी गंभीर है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!