एसडीओ के आदेश पर सील हुआ होटल एसएनसी

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा शहर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चर्चित होटल एसएनसी में पुलिस ने छापेमारी कर एक नाबालिग युवती और दो नाबालिग युवकों को बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए होटल को सील कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गढ़वा पुलिस को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने होटल में छापा मारा। जांच के दौरान एक नाबालिग लड़की और दो नाबालिग लड़कों को संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिन्हें तुरंत हिरासत में लेकर थाने लाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। संजय कुमार (एसडीओ) ने स्वयं मामले का जायजा लिया और होटल को तत्काल प्रभाव से सील करने का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि होटल में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका के मद्देनज़र यह कार्रवाई की गई है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्यालय डीएसपी अशोधरा, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीवी मंडल, सीओ साफी आलम, एसडीपीओ नीरज कुमार, थाना प्रभारी सुनील तिवारी और मझिआंव थाना प्रभारी बृज कुमार शामिल थे। फिलहाल पुलिस तीनों नाबालिगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे होटल तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही होटल प्रबंधन की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!