अपराधियों की गिरफ्तारी में साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा जिले में पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। गढ़वा थाना परिसर में आयोजित एक सम्मान समारोह में थाना प्रभारी पु०नि० सुनील कुमार तिवारी ने बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को गढ़वा नगर थाना क्षेत्र में टाईगर मोबाइल ड्यूटी में तैनात टाईगर-03 के स०अ०नि० नंद गोपाल राम एवं आरक्षी 186 भाष्कर कुमार पाठक ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दो अपराधियों—अजित कुमार उर्फ छोटू एवं आदित्य कुमार—को गिरफ्तार किया था। दोनों अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे और उनके पास से अवैध हथियार एवं गोली बरामद की गई थी।
इसके अतिरिक्त, दिनांक 28 मार्च 2026 को नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर भाग रहे अपराधी को भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई में PCR चार्ली-05 में प्रतिनियुक्त स०अ०नि० अरुण कुमार यादव, हवलदार जयनाथ मांझी, आरक्षी 337 मो० अनीस मंसूरी एवं चालक आरक्षी 804 जयशंकर प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन दोनों घटनाओं में पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाए गए साहस, तत्परता एवं कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने सभी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!