पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, पत्रकार पर लाठीचार्ज
रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड में रामनवमी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जानकारी के अनुसार अष्टमी के दिन निकाले गए जुलूस को कौआखोह शिव चबूतरा के पास मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों द्वारा आगे बढ़ने से रोक दिया गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और जुलूस पर पथराव शुरू हो गया। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई। माहौल बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया और जुलूस को वापस लौटना पड़ा। इस घटना में हिंदू समुदाय के कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर मौजूद रंका थाना के इंस्पेक्टर अभिजीत गौतम मिश्रा ने माइक के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में तनाव की स्थिति है और किसी भी तरह का उत्पात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को तत्काल घटनास्थल से हटने का निर्देश दिया गया।
पत्रकार पर लाठीचार्ज का आरोप
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया है। घटनास्थल पर कवरेज कर रहे एक पत्रकार पर पुलिस द्वारा लाठी चलाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पत्रकार ने खुद को मीडिया कर्मी बताते हुए कवरेज करने की बात कही, इसके बावजूद पुलिस ने उस पर लाठी चला दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। चर्चा यह भी है कि पुलिस नहीं चाहती थी कि घटना की जानकारी बाहर पहुंचे और मामला तूल पकड़े। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।












Leave a Reply