रामनवमी त्योहार को लेकर गढ़वा में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च

रजनीश कुमार, गढ़वा

गढ़वा में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की देर शाम अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च थाना परिसर से प्रारंभ होकर रंका मोड़, गढ़देवी मोड़, मझिआंव मोड़, ऊंचरी मोहल्ला एवं पुरानी बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए पुनः थाना परिसर में समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे, जिससे आमजन में सुरक्षा का संदेश गया। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व को लेकर प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता है। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति, कानून व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि पर्व से पूर्व इस तरह का मार्च निकालकर लोगों में विश्वास पैदा किया जाता है कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इस मौके पर थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, पुलिस पदाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!