रामनवमी को लेकर तैयारी अंतिम चरण पर ,भक्तिमय हुआ गढ़वा

रथ, अखाड़ा, भंडारा समिति व जुलूस को किया जाएगा सम्मानित

रजनीश कुमार, गढ़वा


रामनवमी के पावन अवसर पर शहर पूरी तरह से भक्तिमय और भगवा रंग में रंग चुका है। पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आज भव्य रथ यात्रा व अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को सजाया गया है, वहीं विभिन्न समितियों द्वारा सुरक्षा, व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्री रामनवमी पूजा जनरल समिति की ओर से रंका मोड़ स्थित घंटाघर के सामने मुख्य मंच तैयार किया गया है। यही मंच पूरे आयोजन का केंद्र रहेगा, जहां से विभिन्न अखाड़ा जुलूसों का स्वागत किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस मंच से बेहतर अखाड़ा प्रदर्शन, अनुशासन और आकर्षक झांकियों के आधार पर प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। रामनवमी के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। रंका मोड़ स्थित गोविंद स्कूल गेट के समीप युवा शक्ति संघ तथा सहिजना मोड़ स्थित जुगी झोपड़ी संघ द्वारा विशेष रूप से भंडारे की व्यवस्था की गई है। दोपहर से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का सिलसिला जारी रहेगा। इन भंडारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। महासमिति के मुरली श्याम सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बेहतर आयोजन करने वाले अखाड़ा समिति और भंडारा आयोजकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में उत्साह और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। शहर में निकलने वाले अखाड़ा जुलूस में युवाओं की भागीदारी खास रहती है। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक कला का प्रदर्शन करते हैं, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र होता है। साथ ही, भगवान श्रीराम की भव्य झांकियां भी जुलूस में शामिल रहती हैं। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। कुल मिलाकर, रामनवमी को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है और श्रद्धालु पूरे उल्लास व आस्था के साथ इस महापर्व को मनाने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!